कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गांव शादीपुर में उस वक़्त हड़कंप मच गया जब गांव के लोगों ने नहर में एक अज्ञात महिला की लाश को तैरते हुए देखा। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और गांववालों की मदद से रस्सी के ज़रिए शव को नहर से बाहर निकाला गया।
पुलिस के मुताबिक, मृतक महिला की उम्र तक़रीबन 28 साल है। उसका रंग गोरा है और कद करीब 5 फुट 4 इंच बताया जा रहा है। महिला ने काली जींस और अंडरगारमेंट्स पहन रखे थे। शव की हालत देखकर ऐसा लग रहा है कि यह कई दिन पुराना हो सकता है।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर के जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने आसपास के इलाकों में महिला की पहचान कराने के लिए जानकारी इकट्ठा करनी शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारी का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है, और महिला की पहचान और मौत के कारण का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। इलाके में इस घटना के बाद सन्नाटा और दहशत का माहौल बन गया है।
अगर किसी को इस महिला के बारे में जानकारी हो तो वे नज़दीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें।



