आजाद समाज पार्टी के संस्थापक और नगीना लोकसभा सीट से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने सांसद के रूप में एक वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में धामपुर क्षेत्र में कार्यकर्ताओं और आम जनता के साथ मिलकर केक काटकर जश्न मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने अपने आवास पर दिव्यांगजनों को इलेक्ट्रॉनिक ट्राईसाइकिल वितरित कर की।
इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया, उन्हें हेलमेट पहनाया, और ट्राईसाइकिल चलाने का प्रशिक्षण भी दिया। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह ट्राईसाइकिल विशेष रूप से उन दिव्यांग भाइयों-बहनों के लिए है जो हाथ-पैर से असमर्थ हैं और दूसरों पर निर्भर रहते हैं। यह उपकरण उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में मदद करेगा। साथ ही उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि वे अपने नगीना लोकसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को और अधिक गति देंगे।
समारोह में पार्टी के जिला अध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष, सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सांसद ने सभी लोगों का आभार प्रकट किया और उन्हें शुभकामनाएं भी दीं।




