नगीना में बकरीद के पावन मौके पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मोहल्ला काज़ीसराय निवासी 65 वर्षीय तस्लीम कुरैशी की भैंस की कुर्बानी के दौरान अचानक हार्ट अटैक (Heart Attack) आने से मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तस्लीम कुरैशी, जो मोहल्ले के प्रसिद्ध मीट व्यवसायी थे और पिछले कई वर्षों से जानवरों की कुर्बानी (Bakra Eid Qurbani) का कार्य भी करते आ रहे थे, ईद-उल-अजहा (Eid-ul-Adha 2025) के दिन मोहल्ले में भैंस की कुर्बानी के लिए पहुंचे थे। जैसे ही कुर्बानी की तैयारी शुरू हुई, उसी दौरान अचानक उन्हें सीने में तेज दर्द महसूस हुआ। देखते ही देखते तस्लीम कुरैशी जमीन पर गिर पड़े।
परिवार के लोगों और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मेडिकल सहायता के लिए प्रयास किए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तस्लीम कुरैशी, स्वर्गीय रफीक कुरैशी के पुत्र थे। वे अपने मिलनसार स्वभाव और मेहनती कार्यशैली के लिए मोहल्ले में खासे लोकप्रिय थे। उनके असामयिक निधन से परिवार में गहरा शोक है। ईद की खुशियां देखते ही देखते गमगीन माहौल में बदल गईं। मोहल्ले के लोग परिवार को सांत्वना देने के लिए लगातार उनके घर पहुंच रहे हैं।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि तस्लीम कुरैशी हमेशा धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। बकरीद के मौके पर जानवरों की कुर्बानी में भी उनकी अहम भूमिका रहती थी। इस तरह ईद के दिन ही उनकी अचानक मौत पूरे समुदाय के लिए बड़ा सदमा है।
बकरीद की खुशियां मातम में बदलीं
इस दुखद घटना के बाद काज़ीसराय मोहल्ले सहित पूरे नगीना क्षेत्र में शोक का माहौल है। त्योहार के दिन हुई यह घटना हर किसी की आंखें नम कर गई।




