नगीना: सावन महीने में होने वाली कावड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। नगीना थाना क्षेत्र में आज पुलिस टीम ने हाईवे पर चल रहे वाहनों की चेकिंग अभियान चलाया और यातायात नियमों को लेकर सख्ती दिखाई।
नगीना थाने के दरोगा दीपक कुमार के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें हाईवे से गुजर रहे वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगवाए गए। इस दौरान कुछ ट्रैक्टर ऐसे भी पाए गए जो क्षमता से अधिक सवारियों को लेकर चल रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोका और नियमों की जानकारी देते हुए उनके ट्रैक्टरों पर भी रिफ्लेक्टर लगवाए।
दरोगा दीपक कुमार ने वाहन चालकों को समझाया कि रात के समय सड़क दुर्घटनाओं से बचने के लिए रिफ्लेक्टर लगाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सावन में होने वाली भारी भीड़ और यात्रा के चलते पुलिस पहले से ही पूरी तैयारी कर रही है, ताकि कोई भी दुर्घटना ना हो।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक करना और यात्रा को सुरक्षित बनाना है। पुलिस की ओर से यह पहल सराहनीय बताई जा रही है।



