7 जून 2025 को मनाए जाने वाले ईद उल अजहा (बकरीद) के त्योहार को लेकर नगीना नगर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने कमर कस ली है। क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ नगर में फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च बाजारों, मुख्य चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों से होकर गुज़रा, जिससे आम जनता में सुरक्षा का संदेश पहुंचे।
क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहार को शांति और भाईचारे के माहौल में मनाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और किसी भी प्रकार की अफवाह या अशांति फैलाने वाले तत्वों पर सख्त नजर रखी जा रही है। साथ ही, सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है ताकि कोई भ्रामक सूचना न फैले।
पुलिस के इस फ्लैग मार्च और मुस्तैदी से लोगों में सुरक्षा का एहसास गहराया है। नगरवासियों ने पुलिस के इस कदम की सराहना की है और प्रशासन को सहयोग देने का आश्वासन दिया है। पुलिस विभाग का कहना है कि कानून व्यवस्था को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा और त्योहार पूरी शांति के साथ संपन्न कराया जाएगा।
नगीना में 7 जून को मनाई जाएगी बकरीद, ईदगाह में सुबह 7 बजे होगी नमाज़




