बिजनौर जिले के नगीना देहात क्षेत्र में सोमवार सुबह एक मानसिक रोगी युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान शिव कुमार (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पिछले चार दिनों से लापता था। शिव कुमार शेखपुरा नोआबाद उर्फ अफजलपुर गांव, थाना रायपुर सादात का निवासी था।
परिजनों के अनुसार, शिव कुमार मानसिक रोगी था और उसे दौरे भी आते थे। चार दिन पहले वह अचानक घर से लापता हो गया था। ग्रामीणों ने आज सुबह ब्राह्मण वाला नहर के पास खेत में उसका शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भेज दिया है। मृतक के पिता जयराम सिंह का पहले ही निधन हो चुका है। शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



