उत्तर प्रदेश के नगीना नगर से आज 11 जून को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अंबेडकर नगर मोहल्ले में आज सुबह एक नीलगाय के आतंक से इलाके में अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि यह नीलगाय अचानक बेकाबू हो गई और पूरे मोहल्ले में दौड़-दौड़कर उत्पात मचाया।
गाड़ियों को भी पहुंचाया नुकसान

नीलगाय ने सड़कों पर खड़ी कई गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। मोहल्ले के लोगों ने अपने दरवाजे बंद कर लिए, लेकिन नीलगाय ने बंद किवाड़ों पर भी सिर मार-मारकर नुकसान पहुंचाया। इलाके में भय का माहौल बन गया।
खेत में काम कर रहे व्यक्ति की मौत
घटना की शुरुआत सुबह-सवेरे हुई, जब सेवा वाली गावड़ी के निवासी न्थू खेत में काम कर रहे थे। तभी अचानक नीलगाय ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सीसीटीवी में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम

पूरे तांडव का दृश्य मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि नीलगाय किस तरह गाड़ियों और दरवाजों पर हमला कर रही है। इस वीडियो को स्थानीय निवासियों द्वारा सोशल मीडिया पर भी साझा किया गया।
लोहे के गेट से टकराकर नीलगाय की मौत
करीब सवा 5 बजे, नीलगाय एक लोहे के गेट से जोरदार टक्कर मार बैठी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद इलाके में स्थिति सामान्य हो पाई।
प्रशासन से लोगों की अपील
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से अपील की है कि इस तरह की घटनाओं से निपटने के लिए उचित वन्यजीव प्रबंधन और सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
यहाँ पूरी विडिओ देखें।



