नगीना न्यूज़ – मंडावली, बिजनौर। उत्तर प्रदेश के मंडावली क्षेत्र से इस वक्त की एक दुखद खबर सामने आई है। आज शाम लगभग 4:00 बजे एक बड़ा सड़क हादसा उस वक़्त हुआ जब एक बाइक सवार गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में रोड पर आ रहा था। तभी सामने से आ रही बिजनौर डिपो की रोडवेज बस से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, मृतक युवक का नाम उदित, पुत्र चेतराम था, जो ग्राम बिजौरी, थाना नजीबाबाद का निवासी था। वह भागूवाला की दिशा से मंडावली की तरफ बाइक पर सवार होकर रॉन्ग साइड में आ रहा था। उसी दौरान सामने से आ रही रोडवेज बस से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण (शदीद) था कि उदित के सिर में गंभीर चोटें आईं और ज़मीन पर ज़्यादा खून बह जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चश्मदीदों के मुताबिक, हादसे के बाद बस का ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
मंडावली पुलिस घटनास्थल पर पहुँची और बस को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया गया है। वहीं, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच (तहक़ीक़ात) कर रही है और बस ड्राइवर की तलाश जारी है।




